सीमांकन पर ग्रामीणों का हंगामा: प्रशासन को लौटना पड़ा खाली हाथ, 14 एकड़ जमीन को लेकर बढ़ा विवाद
सीमांकन पर ग्रामीणों का हंगामा: प्रशासन को लौटना पड़ा खाली हाथ, 14 एकड़ जमीन को लेकर बढ़ा विवाद
(Ecoindiatoday)कोरबा, 30 मई 2026। ग्राम कटबीतला और बरीडीह में शनिवार को भूमि सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। अतिरिक्त तहसीलदार कोरबा के निर्देश पर गठित राजस्व टीम ग्राम कटबीतला की भूमि का सीमांकन करने पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के भारी विरोध के कारण कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन को सीमांकन किए बिना वापस लौटना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा एसडीएम सरोज महिलांगे मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों की आपत्तियां सुनीं। चर्चा के बाद प्रशासन, दोनों गांवों के ग्रामीणों तथा संबंधित कंपनी प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित कर आगे की कार्रवाई तय करने पर सहमति बनी।
जनपद सदस्य किशन लाल कोसले ने आरोप लगाया कि एक निजी कंपनी द्वारा पौधारोपण के नाम पर कटबीतला और बरीडीह की करीब 14 एकड़ शासकीय भूमि का सीमांकन कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2007 के कथित फर्जी प्रस्ताव के आधार पर जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। वहीं पूर्व जनपद सदस्य नरेंद्र पटेल ने कहा कि ग्रामीणों को पर्याप्त सूचना दिए बिना सीमांकन प्रक्रिया शुरू करना पूरी तरह अनुचित है और पहले सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
युवा नेता आशीष गांगुली ने प्रशासन पर कंपनी के दबाव में कार्य करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देर शाम नोटिस देकर अगले ही दिन सीमांकन की कार्रवाई शुरू कर दी जाती है, जिससे ग्रामीणों को अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिल पाता। पूर्व उपसरपंच बुधवार कोसले ने भी दावा किया कि यह तीसरी बार सीमांकन का प्रयास किया गया है और गांव में इस संबंध में कोई वैध प्रस्ताव पारित नहीं हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि विवादित भूमि पर वर्षों से खेती की जा रही है और यही उनकी आजीविका का मुख्य आधार है। फिलहाल सीमांकन कार्य स्थगित कर दिया गया है और अब प्रस्तावित बैठक में इस पूरे विवाद का समाधान तलाशने की उम्मीद जताई जा रही है।
Live Cricket Info








