कोरबा में रात के समय हो सड़क निर्माण, दिन में काम से लग रहा जाम: आनंद सिंह ने प्रशासन से की मांग

कोरबा में रात के समय हो सड़क निर्माण, दिन में काम से लग रहा जाम: आनंद सिंह ने प्रशासन से की मांग
(Ecoindiatoday)कोरबा। शहर में सड़क निर्माण कार्य दिन के समय किए जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे आम नागरिकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुकानदारों के कारोबार पर भी इसका असर पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं कोरबा विधानसभा प्रभारी आनंद सिंह ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य रात के समय कराने की मांग की है।

आनंद सिंह ने कहा कि कोरबा शहर की प्रमुख सड़कों पर दिन में निर्माण कार्य होने से आवागमन बाधित होता है। विशेषकर त्योहारों और महत्वपूर्ण अवसरों पर बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण कार्य का समय रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक निर्धारित किया जाए, ताकि दिन में यातायात सुचारु रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने, घटिया सामग्री के उपयोग और जल्दबाजी में काम पूरा करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की भी मांग की। साथ ही बारिश और त्योहारों को ध्यान में रखते हुए निर्माण की योजना पहले से तैयार करने तथा कार्यों की निगरानी के लिए स्वतंत्र गुणवत्ता जांच दल गठित करने की बात कही।
आनंद सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण का उद्देश्य विकास करना है, न कि जनता को परेशानी में डालना। उचित योजना और बेहतर प्रबंधन से यातायात सुचारु रखने के साथ व्यापारियों को होने वाले नुकसान से भी बचाया जा सकता है।
Live Cricket Info






