बिलासपुर जेल में तीन कैदीयों की दोस्ती और कोरबा के कटघोरा में ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात को दिया अंजाम
बिलासपुर जेल में तीन कैदीयों की दोस्ती और कोरबा के कटघोरा में ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात को दिया अंजाम
(Ecoindiatoday)कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी में लूट के प्रयास के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे तीन बदमाश बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल से राज ज्वेलर्स पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था,जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था। चांदी की अंगूठी खरीदने के बहाने दुकानदार राजकुमार अग्रवाल को काउंटर तक बुलाया गया। इसके बाद एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा तानकर मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया। बदमाश आभूषण बैग में भरने लगे, लेकिन बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर कट्टा और मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राठिया को गिरफ्तार कर लिया, जबकि विष्णु प्रसाद राठिया फरार है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पहले हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके हैं। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई और रिहाई के बाद उन्होंने लूट की साजिश रची। चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे के सहारे वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
Live Cricket Info








