₹9 लाख की बेशकीमती इमारती लकड़ी और क्रेन जब्त, अमानत में खयानत व अवैध परिवहन मामले में बड़ा खुलासा

₹9 लाख की बेशकीमती इमारती लकड़ी और क्रेन जब्त, अमानत में खयानत व अवैध परिवहन मामले में बड़ा खुलासा

(Ecoindiatoday)कोरबा। कोरबा पुलिस ने बेशकीमती इमारती लकड़ी के अमानत में खयानत, चोरी और अवैध परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी तथा परिवहन में प्रयुक्त एक क्रेन जब्त की है। बरामद लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी की शिकायत पर थाना सिविल लाइन रामपुर में मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास अनुमति के तहत वृक्षों की कटाई की जा रही थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान सात वृक्षों से प्राप्त इमारती लकड़ी के अनधिकृत परिवहन का मामला सामने आया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक ले जाने के महत्वपूर्ण सुराग मिले।
संयुक्त जांच दल की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में लकड़ी और क्रेन बरामद की गई। मामले में आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 673/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच जारी है। अवैध परिवहन में शामिल अन्य व्यक्तियों या किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से वन संपदा की अवैध कटाई या परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
Live Cricket Info





