उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कोरबा प्रेस क्लब को दी 20 लाख की सौगात, नई कार्यकारिणी ने ली शपथ

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कोरबा प्रेस क्लब को दी 20 लाख की सौगात, नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
(Ecoindiatoday)कोरबा, 23 जुलाई। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री अरुण साव ने अध्यक्ष नौशाद खान सहित नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा प्रेस क्लब को 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और निष्पक्ष, जिम्मेदार एवं तथ्यपरक पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि एआई और नई तकनीकों के दौर में अनुभवी व युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब की राज्य स्तर पर पहचान और उसकी सक्रिय भूमिका की सराहना की।
उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर जनसरोकारों और शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं। समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार मौजूद रहे। सचिव दिनेश राज ने आभार व्यक्त किया।
Live Cricket Info








