होली की तैयारी जोरों पर, बाजार हुआ रंग-बिरंगा
होली की तैयारी जोरों पर, बाजार हुआ रंग-बिरंगा
(Ecoindiatoday)रंगों का पावन पर्व होली नजदीक आते ही शहर के बाजार पूरी तरह रंग-बिरंगे नजर आने लगे हैं। होली को भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का प्रतीक माना जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पुरानी रंजिशें भुला देते हैं और नए सिरे से रिश्तों की शुरुआत करते हैं।
त्योहार को लेकर बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दुकानों में तरह-तरह के रंग, गुलाल और पिचकारियों की भरमार है। इस बार बाजार में कई नए प्रकार के आकर्षक और खुशबूदार रंग-गुलाल उपलब्ध हैं। साथ ही बच्चों के लिए कार्टून थीम, टैंक और गन मॉडल वाली नई डिजाइन की पिचकारियां भी आई हैं, जो उन्हें खूब लुभा रही हैं।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार कैमिकल-लेस (रसायन मुक्त) रंगों की मांग अधिक है। लोग त्वचा और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं होली के मास्क और मुखौटों की बिक्री पर जिला प्रशासन द्वारा पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना से बचा जा सके।
कुल मिलाकर होली को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है और लोग पूरे उत्साह के साथ इस रंगों के त्योहार का इंतजार कर रहे हैं।
Live Cricket Info






