CSR से बनी 16 लाख की सड़क तीन महीने में उखड़ी, सांसद प्रतिनिधि ने कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग की

CSR से बनी 16 लाख की सड़क तीन महीने में उखड़ी, सांसद प्रतिनिधि ने कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग की
(Ecoindiatoday)कोरबा। बरपाली तहसील के ग्राम बरपाली के बाजार मोहल्ले में मड़वारानी मंदिर से जैत-स्तंभ तक CSR मद से बनाई गई CC सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे हैं। सड़क निर्माण में कथित लापरवाही और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए सांसद प्रतिनिधि संदीप शर्मा ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, अदाणी (लैंको अमरकंटक) के CSR मद से करीब 15-16 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया था। निर्माण पूरा होने के महज तीन माह के भीतर पहली ही बारिश में सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी। इससे निर्माण एजेंसी और निगरानी से जुड़े कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
आवेदन में कहा गया है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क पर गड्ढे बनने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद प्रतिनिधि ने कलेक्टर से स्वतंत्र विशेषज्ञों की टीम गठित कर तकनीकी जांच, दोषी ठेकेदार व संबंधित कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई, निर्माण में हुए नुकसान की वित्तीय वसूली तथा सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीण हित में आगे कदम उठाने की बात भी कही है।
Live Cricket Info







