धान खरीदी के शेष दिवसों में प्रभावी कार्ययोजना से करें खरीदी : कलेक्टर कुणाल दुदावत

कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित
कोरबा | 18 जनवरी 2026 जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और शासन की मंशानुसार सुचारू रूप से संचालित करने के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीदी के शेष दिवसों के दौरान पूर्ण सजगता बरतते हुए किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसी के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समितियों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों को धान विक्रय की पूरी प्रक्रिया की सही व स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने उपार्जन केंद्रों में विक्रय हेतु लाए गए धान की सुव्यवस्थित ढेरी लगवाने, गुणवत्ता परीक्षण एवं नमी जांच के उपरांत ही धान खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही समितियों में जाम की स्थिति से बचने के लिए पूर्व तैयारी और वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आवश्यकता अनुसार उपार्जन केंद्रों में तौलाई मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए। रकबा समर्पण एवं एंट्री कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल नोडल अधिकारी को सूचित किया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, खाद्य अधिकारी श्री जी.एस. कंवर, जिला विपणन अधिकारी श्री ऋतुराज देवांगन, नोडल को-ऑपरेटिव बैंक के श्री एस.के. जोशी सहित खाद्य निरीक्षक, समिति प्रबंधक, फड़ प्रभारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
साथ ही सजगता और पारदर्शिता के साथ धान खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए I
Live Cricket Info








