18 घंटे में ज्वेलरी चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार – “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान की बड़ी सफलता

18 घंटे में ज्वेलरी चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार – “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान की बड़ी सफलता
(Ecoindiatoday)कोरबा, 24 अप्रैल 2026। जिले में चल रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का महज 18 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस कार्रवाई में अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अखिल कुमार देवांगन, निवासी एमपीटी नगर, थाना सिविल लाइन रामपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल को दोपहर लगभग 12:15 बजे उनकी “दिव्या ज्वेलर्स” दुकान में तीन महिलाएं ग्राहक बनकर आईं। आभूषण देखने के दौरान उन्होंने चतुराई से दुकानदार का ध्यान भटकाया और सोने के जेवर चोरी कर मौके से फरार हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों और जिला ऑटो संघ के सहयोग से पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके बाद टीम ने उड़ीसा के संबलपुर पहुंचकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के निवासी नासिर मोल्ला, उसकी पत्नी सजना बीबी, मिथुन चक्रवर्ती, तापसी दास और गुलापी दास शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई दो सोने की चेन और एक लॉकेट, जिसकी कुल कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये है, बरामद किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त XUV300 कार को भी जब्त किया गया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश करती थीं और कर्मचारियों को उलझाकर उनके साथी चोरी को अंजाम देते थे। घटना के बाद आरोपी तुरंत वाहन से शहर बदल देते थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरोह पश्चिम बंगाल के कई शहरों में ऐसी वारदातें कर चुका है और छत्तीसगढ़ के अन्य शहर भी इनके निशाने पर थे। पुलिस अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है।
कोरबा पुलिस ने इस सफलता के लिए व्यापारियों और ऑटो संघ का आभार व्यक्त किया है।
Live Cricket Info








