राखड़ पाटने भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क बदहाल, सेना के परिवार सहित ग्रामीण परेशान

राखड़ पाटने भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क बदहाल, सेना के परिवार सहित ग्रामीण परेशान
(Ecoindiatoday)कोरबा जिले के मड़वारानी क्षेत्र के ग्राम खरहरी में राखड़ पाटने के लिए भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से गांव की सड़कें जर्जर हो गई हैं। जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत पुरैना के सरपंच ने उनकी सहमति के बिना राखड़ पाटने के लिए एनओसी जारी कर दी, जिसका खामियाजा अब ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

खरहरी गांव में 13वीं बटालियन के 100 से अधिक परिवार भी निवास करते हैं। सड़क खराब होने से सेना के जवानों के परिजनों के साथ स्कूली बच्चों को भी रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
इस मामले को लेकर करतला जनपद पंचायत अध्यक्ष अशोक विश्राम कंवर ने थाना प्रभारी उरगा को पत्र लिखकर ग्रामीण सड़क से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने और राखड़ परिवहन के लिए स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।
Live Cricket Info








