थाने को बनाया रील का सेट, ‘आज जेल होई-कल बेल होई’ पर महिला ने बनाई वीडियो; पुलिस कार्रवाई के बाद मांगी माफी

थाने को बनाया रील का सेट, ‘आज जेल होई-कल बेल होई’ पर महिला ने बनाई वीडियो; पुलिस कार्रवाई के बाद मांगी माफी
(Ecoindiatoday)कोरबा। सोशल मीडिया पर लाइक्स और कमेंट्स बटोरने की सनक में कोतवाली थाना परिसर में रील बनाना एक महिला को भारी पड़ गया। सीतामढ़ी निवासी उषा मिश्रा ने थाना परिसर में फिल्मी अंदाज में वीडियो शूट कर उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला के खिलाफ कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार महिला ने कोतवाली थाना के मुख्य गेट और ‘संवेदना कक्ष’ के सामने खड़े होकर गाने की धुन पर वीडियो बनाया। वीडियो में ‘आज जेल होई… कल बेल होई… परसों से उहे खेल होई’ जैसे बोल सुनाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ‘II_uma_baby111’ नामक इंस्टाग्राम अकाउंट से 11 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अपलोड किया गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने महिला को थाना तलब कर पूछताछ की। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक महिला के खिलाफ 126 और 135(3) BNSS के तहत कार्रवाई की गई। पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी गलती स्वीकार की।
कार्रवाई के बाद महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर माफी भी मांगी। उसने कहा कि वीडियो मनोरंजन के लिए बनाया था और उसका उद्देश्य पुलिस या थाना परिसर का अपमान करना नहीं था।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि थाना परिसर में बिना अनुमति फोटो, वीडियो या रील बनाना प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Live Cricket Info






