कोरबा की प्राकृतिक सुंदरता और वन संपदा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, स्वच्छता के नाम पर गंदगी फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण

कोरबा की प्राकृतिक सुंदरता और वन संपदा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, स्वच्छता के नाम पर गंदगी फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण
(Ecoindiatoday)कोरबा। कोरबा जिले के पुटका पहाड़ क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित वॉकथॉन के बाद सड़क किनारे कचरे का ढेर दिखाई देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हाथों में स्वच्छता का संदेश लेकर निकले लोगों के कार्यक्रम के बाद यदि उसी क्षेत्र में प्लास्टिक, बोतलें और अन्य कचरा बिखरा मिले, तो यह स्वच्छता अभियान के मूल उद्देश्य पर सवाल खड़े करता है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं कोरबा विधानसभा प्रभारी आनंद सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल कार्यक्रम आयोजित करने, बैनर लगाने और संदेश देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। स्वच्छता का वास्तविक अर्थ है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी उस स्थान को साफ-सुथरा रखा जाए। पुटका पहाड़ जैसे प्राकृतिक एवं वन क्षेत्र में कचरा फैलना पर्यावरण, वन्यजीवों और स्थानीय प्राकृतिक संपदा के लिए चिंता का विषय है।
आनंद सिंह ने कहा कि यदि किसी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं, तो आयोजकों और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि कचरा संग्रहण, डस्टबिन की व्यवस्था और कार्यक्रम के बाद सफाई सुनिश्चित की जाए। वन क्षेत्र में प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट छोड़ना वन्यजीवों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
उन्होंने वन विभाग और नगर निगम प्रशासन से मांग की कि संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कर कचरे की तत्काल सफाई कराई जाए तथा भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए स्पष्ट स्वच्छता व्यवस्था और जवाबदेही तय की जाए। साथ ही, वन क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों के लिए आवश्यक अनुमति एवं निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
आनंद सिंह ने कहा कि स्वच्छता का संदेश देने वालों को अपने आचरण से भी उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। कोरबा की पहचान उसकी हरियाली, वन संपदा और प्राकृतिक सुंदरता से है। इसकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
Live Cricket Info








