कटघोरा में दबंगई पर पुलिस का शिकंजा: गाली-गलौज, मारपीट और धमकी के आरोपी के पास से देशी कट्टा बरामद
कटघोरा

कटघोरा में दबंगई पर पुलिस का शिकंजा: गाली-गलौज, मारपीट और धमकी के आरोपी के पास से देशी कट्टा बरामद
(Ecoindiatoday)कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई के उद्देश्य से पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र जटगा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी राजेश दुबे (43 वर्ष), निवासी हुसैन थाना मुस्करा जिला हमीरपुर (उ.प्र.), हाल मुकाम बांधपारा गाड़ाफादा जग्गा कटघोरा, के खिलाफ एक महिला ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल धारा 296, 351(3), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत भी मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की।
पूरी प्रक्रिया के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि कोरबा पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Live Cricket Info








