ASI के इकलौते पुत्र की मौत से कोरबा में आक्रोश, हत्या मामले में कार्रवाई तेज

ASI के इकलौते पुत्र की मौत से कोरबा में आक्रोश, हत्या मामले में कार्रवाई तेज
(Ecoindiatoday)कोरबा। बुधवारी बायपास मार्ग पर 6-7 जून की रात हुए सड़क हादसे और हमले के मामले ने अब हत्या का रूप ले लिया है। सहायक उप निरीक्षक (ASI) रामनारायण रात्रे के इकलौते पुत्र चंद्रमणि उर्फ दादू ने रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद परिजनों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार चंद्रमणि को एक बोलेरो वाहन ने गंभीर रूप से टक्कर मार दी थी। घटना के बाद उनके मित्र एवं युवा पत्रकार अरविंद राठौर तथा साथी साहिल निर्मलकर आरोपियों का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान अरविंद राठौर का अपहरण कर बलगी मोड़ के पास ले जाया गया, जहां 25 से 30 लोगों ने उनके साथ मारपीट की। आरोपियों द्वारा पिस्टलनुमा हथियार दिखाकर हवाई फायरिंग करने तथा नकदी, मोबाइल और सोने के आभूषण लूटने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के छह दिन बाद चंद्रमणि की मौत से मामला और गंभीर हो गया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि कई आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। मामले में पत्रकार अपहरण, मारपीट और डकैती की जांच भी जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आधुनिक तकनीक और साइबर जांच के बावजूद अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने मामले में जांच तेज करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
Live Cricket Info








