हरदीबाजार क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना, बेटी ने ही कर दी पिता की हत्या…..

हरदीबाजार क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना, बेटी ने ही कर दी पिता की हत्या…..
(Ecoindiatoday)कोरबा–हरदीबाजार। SECL प्रभावित क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया (थाना हरदीबाजार) में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। 25 वर्षीय युवती गीता निषाद पर अपने वृद्ध पिता अशोक निषाद की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात लगभग 2:00 से 2:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक युवती ने घर में रखे धारदार हंसिया से अपने पिता पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में अन्य कोई सदस्य मौजूद नहीं होने की बात सामने आ रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि पिता को बेटी के रहन-सहन और जीवन-यापन के तौर-तरीकों पर आपत्ति थी। इसी बात को लेकर पिता द्वारा समझाइश दिए जाने पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते गंभीर रूप ले गया। गुस्से और आवेश में युवती द्वारा यह खौफनाक कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हरदीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची। निरीक्षक प्रमोद डडसेना अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू की। आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया गया है तथा वारदात में प्रयुक्त हंसिया को जप्त कर लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी युवती से विस्तृत पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Live Cricket Info







