कोरबा में ACB की बड़ी कार्रवाई, विद्युत विभाग का असिस्टेंट इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार

कोरबा में ACB की बड़ी कार्रवाई, विद्युत विभाग का असिस्टेंट इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार
(Ecoindiatoday )कोरबा। जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर सत्येंद्र दिवाकर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी किसान से ट्रांसफार्मर लगाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार पीड़ित किसान श्यामंता टंडन ग्राम रलिया का निवासी है, जिसने अपने खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के लिए विद्युत विभाग में आवेदन दिया था। आवेदन के बाद असिस्टेंट इंजीनियर ने निरीक्षण कर कुल 80 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। किसान पहले ही 30 हजार रुपए दे चुका था, लेकिन शेष 50 हजार देने से इंकार कर दिया।
इसके बाद पीड़ित ने बिलासपुर स्थित ACB कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद ACB की टीम ने 28 जनवरी को ट्रैप योजना बनाई। योजना के तहत किसान 50 हजार रुपए लेकर दीपका स्थित आरोपी के कार्यालय पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से 50 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। इस संबंध में DSP ACB बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट लोक सेवकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम जनता से रिश्वत मांगने की सूचना तुरंत ACB को देने की अपील की गई है।
Live Cricket Info








