किसानों के खेतों में उतरे कलेक्टर, फसलों का किया अवलोकन और समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

किसानों के खेतों में उतरे कलेक्टर, फसलों का किया अवलोकन और समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
(Ecoindiatoday)कोरबा, 08 मार्च 2026। जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की खेती और उनकी समस्याओं को समझने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत खेतों तक पहुंचे और किसानों से सीधे संवाद किया। कोरबा विकासखंड के ग्राम बरपाली के कलमीटिकरा में लबेद जलाशय से सिंचित क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मक्का, मूंगफली और उड़द की फसल का अवलोकन किया।
साल के घने जंगलों और सूखे खेतों के बीच अचानक हरियाली से भरे खेतों को देखकर कलेक्टर ने वाहन रुकवाया और खेतों तक पहुंचकर किसानों से चर्चा की। उन्होंने किसान टीकाराम राठिया और सहदेव राठिया से खेती की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि लबेद जलाशय से पर्याप्त पानी मिलने के कारण गर्मी के मौसम में भी फसल लेना संभव हो पाता है। उन्होंने यह भी बताया कि धान बेचने के बाद कृषक उन्नति योजना के तहत अंतर की राशि 28 फरवरी को उनके खातों में प्राप्त हो चुकी है।
किसानों ने बताया कि क्षेत्र में लगभग 5 हेक्टेयर में मक्का, 9 हेक्टेयर में उड़द और 21 हेक्टेयर में मूंगफली की खेती की जा रही है। कलेक्टर ने खेत में जाकर फसलों का निरीक्षण किया और किसानों को पपीता, शकरकंद सहित अन्य लाभदायक फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसान चाहें तो नई फसलों की ओर भी आगे बढ़ सकते हैं और प्रशासन हर संभव सहयोग देगा।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने विद्युत कटौती और खेतों तक बिजली खंभे खड़े नहीं किए जाने की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान किसानों ने लबेद जलाशय के पास पुल निर्माण की मांग भी रखी। कलेक्टर ने खेत की मेड़ों पर पैदल चलकर स्थल का निरीक्षण किया और जल संसाधन विभाग को पुल निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्राम मुढूनारा में कलेक्टर ने ड्रिप सिंचाई पद्धति से की जा रही तरबूज की खेती का भी अवलोकन किया। किसानों ने बताया कि पांच किसान मिलकर साल में तीन बार फसल लेते हैं, जिससे प्रत्येक किसान को लगभग एक लाख रुपये तक की आय होती है। कलेक्टर ने आधुनिक कृषि तकनीक और ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
Live Cricket Info







