पीएससी परीक्षा में पारदर्शिता की कमी, मूल्यांकन में गड़बड़ी पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने साधा निशाना

पीएससी परीक्षा में पारदर्शिता की कमी, मूल्यांकन में गड़बड़ी पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने साधा निशाना
187 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार से बाहर रखने पर उठाए सवाल, उत्तर पुस्तिकाओं के अंकों में असमानता का लगाया आरोप
(Ecoindiatoday)कोरबा। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर पीएससी (लोक सेवा आयोग) की परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव, उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में असमानता और स्थानीय विकास कार्यों में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर प्रदेश के पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
पत्रकार वार्ता में जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि सीजी पीएससी परीक्षा में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे 187 अभ्यर्थी वंचित रह गए। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, लगातार झूठी घोषणाएं और विज्ञापनों का प्रदर्शन हो रहा है, जबकि रोजगार का कोई पता नहीं है। पीएससी परीक्षा को लेकर बेहद गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
साक्षात्कार में नियमों की अनदेखी: पिछली परीक्षा 2024 में 265 पदों पर भर्ती के लिए नियमानुसार 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में बुलाया जाना चाहिए था। लेकिन आयोग द्वारा केवल 608 अभ्यर्थियों को ही बुलाया गया और 187 अभ्यर्थियों को प्रक्रिया से बाहर रखा गया।
अंक सार्वजनिक करने की मांग: आयोग का तर्क है कि अभ्यर्थियों ने ‘न्यूनतम अंक’ प्राप्त नहीं किए। जयसिंह अग्रवाल ने सवाल उठाया कि क्या छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी खत्म हो गई है या योग्य अभ्यर्थी नहीं मिल रहे? उन्होंने मांग की कि यदि अभ्यर्थियों के अंक कम थे, तो आयोग प्रेस और जनता के सामने सभी के अंक सार्वजनिक करे।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में असमानता: उन्होंने दो अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का उदाहरण देते हुए बताया कि प्रश्न क्रमांक 5 में दोनों ने बिल्कुल समान और सही उत्तर लिखा है। इसके बावजूद एक अभ्यर्थी को 2 अंक दिए गए और दूसरे को 0 अंक दिया गया। इसी प्रकार माता राजिम, घरेलु हिंसा और बौद्ध धर्म के महानिर्वाण जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जुड़े प्रश्नों के अंकों में भी भारी असमानता देखी गई है, जो उनके अनुसार धांधली और घोलमाल की ओर इशारा करती है।
निष्पक्ष जांच और आंदोलन की चेतावनी: पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पीएससी की संपूर्ण गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी।
Live Cricket Info





