मेला देखने आया था रोशन… नहर में डूबने से दर्दनाक मौत

मेला देखने आया था रोशन… नहर में डूबने से दर्दनाक मौत
(Ecoindiatoday)कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा जंगलपारा में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। 9 वर्षीय रोशन कंवर अपने परिवार के साथ कचोरा मड़वारानी से कनकी महाशिवरात्रि मेला में शामिल होने मामा के घर आया हुआ था। घर में दो भाइयों में वह बड़ा बेटा था। मेले की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
सुबह करीब 11 बजे रोशन अपनी मामी के साथ नहर में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। मामी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन तब तक वह लापता हो चुका था।
सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया। घंटों की मशक्कत के बाद शाम करीब 4 बजे उसका शव पंतोरा थाना क्षेत्र के पास नहर में मिला। बताया जा रहा है कि वह लगभग 30 किलोमीटर दूर बह गया था।
मां क्लीन्द्री बाई और पिता विष्णु कंवर का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Live Cricket Info






