प्री-वेडिंग शूट पड़ा महंगा, दूल्हा-दुल्हन पहुंचे पुलिस चौकी

प्री-वेडिंग शूट पड़ा महंगा, दूल्हा-दुल्हन पहुंचे पुलिस चौकी
(Ecoindiatoday)कोरबा में शुरू हुई नई बाइक पेट्रोलिंग, असामाजिक तत्वों पर कसी नकेल
कोरबा। जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस ने नई बाइक पेट्रोलिंग व्यवस्था की शुरुआत कर दी है। इस अभियान का असर पहले ही दिन देखने को मिला, जब मानिकपुर चौकी क्षेत्र के हेलीपैड मैदान में प्री-वेडिंग शूट कर रहे दूल्हा-दुल्हन को पुलिस ने रोककर चौकी ले जाकर समझाइश दी।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम कुछ युवक कार से हेलीपैड मैदान पहुंचे थे, जहां आग जलाकर प्री-वेडिंग शूट किया जा रहा था। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही बाइक पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और गतिविधि को संदिग्ध मानते हुए सभी से पूछताछ की। इसके बाद होने वाले दूल्हा-दुल्हन समेत अन्य युवकों को मानिकपुर चौकी ले जाकर नियमों की जानकारी दी गई और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से बचने की सख्त हिदायत दी गई।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर 25 जनवरी से शुरू हुई इस बाइक पेट्रोलिंग में रविवार को छह बाइकों पर सवार टीम शहर में निकली। पेट्रोलिंग का नेतृत्व सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी स्वयं बाइक पर सवार होकर कर रहे थे। टीम घंटाघर स्थित टी-बार भी पहुंची, जहां हाल ही में मारपीट की घटना हुई थी। यहां दुकानदारों और युवकों से पूछताछ की गई।
इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे छह बाइक चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं पुलिस को देखकर कई संदिग्ध युवक मौके से भागते नजर आए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसने के लिए बाइक पेट्रोलिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Live Cricket Info








